वाराणसी| चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत रिंग रोड पर हरिबलमपुर गांव के पास सोमवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अभिलाष मिश्र (34) पुत्र सजीवन मिश्र, निवासी दनियालपुर थाना शिवपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। अभिलाष मिश्र चंदमारी से रिंग रोड के रास्ते सारनाथ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हरिबलमपुर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही चंदापुर चौकी प्रभारी अभिनाश मिश्र अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
मृतक अभिलाष मिश्र के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब दो वर्ष और दूसरा महज छह माह का है। पत्नी अनुराधा मिश्र का रो-रोकर बुरा हाल है। अभिलाष की शादी करीब आठ वर्ष पहले चंदौली में हुई थी।
परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा था। पिता सजीवन मिश्र लंबे समय से बीमार चल रहे हैं, जबकि छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। घर की सारी जिम्मेदारी अभिलाष मिश्र के कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Comments (0)