Khabarilaal News Desk :
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए मां जीवित्पुत्रिका पूजा समिति, सूर्य सरोवर बरेका के तत्वावधान में कंदवा गेट, बरेका पर निशुल्क प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन और राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर गर्मी और लू से राहत पहुंचाना है।
प्याऊ में ठंडे पानी के साथ गुड़ की भी व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को तत्काल ऊर्जा और राहत मिल सके। इस जनसेवा कार्यक्रम को लेकर कर्मचारी संगठनों एवं स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।
मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने किया उद्घाटन
प्याऊ का उद्घाटन मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/प्रोडक्शन श्री राम जन्म चौबे ने फीता काटकर किया। उन्होंने समिति के इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और बरेका परिवार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।
बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री बी.पी. गुप्ता, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी श्री राज कुमार गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव सहित कई अधिकारी, कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा समिति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गर्मी भर जारी रहेगी सेवा
समिति के सचिव ने बताया कि प्याऊ में जल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित टीम बनाई गई है, जो प्रतिदिन साफ-सफाई और जलापूर्ति की निगरानी करेगी। समिति का संकल्प है कि गर्मी का प्रकोप समाप्त होने तक यह सेवा लगातार जारी रहेगी।
बरेका परिसर में शुरू की गई यह पहल कर्मचारियों के साथ-साथ आम राहगीरों के लिए भी राहत का बड़ा माध्यम बनेगी और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करेगी।
Comments (0)