khabarilaal news desk

वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित एकमुश्त समाधान योजना (ओ.टी.एस.-2026) के प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत21. 05. 2026 प्राधिकरण सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव  डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने की। बैठक में संपत्ति एवं मानचित्र से संबंधित बकाया धनराशि की वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से फीडबैक प्राप्त किया गया। 

आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है योजना

बैठक के दौरान सचिव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बकायेदारों से सीधे संपर्क स्थापित कर बकाया वसूली हेतु प्रभावी एवं ठोस रणनीति अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा लागू ओ.टी.एस.-2026 योजना आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाने हेतु विशेष टीमों के गठन के निर्देश दिए गए, ताकि प्रत्येक बकायेदार तक पहुंचकर उन्हें योजना की जानकारी दी जा सके और बकाया जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा सके। 

जोनल अधिकारी एवं अवर अभियंता (जेई) संयुक्त टीम बनाकर नियमित रूप से फील्ड में निकलें तथा वसूली कार्य में लाएं तेजी

सचिव ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी जोनल अधिकारी एवं अवर अभियंता (जेई) संयुक्त टीम बनाकर नियमित रूप से फील्ड में निकलें तथा वसूली कार्य में तेजी लाएं। इसी प्रकार संपत्ति विभाग में संबंधित योजनाओं के लिपिक एवं रेंट कलेक्टरों की टीम बनाकर फील्ड में सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई अथवा वसूली कार्य में उदासीनता दिखाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह योजना बकायेदारों के लिए एक सुनहरा अवसर

बैठक में सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि जो बकायेदार ओ.टी.एस.-2026 योजना का लाभ नहीं लेंगे, उनके विरुद्ध भविष्य में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना बकायेदारों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसके माध्यम से वे अपनी बकाया धनराशि का समाधान कर राहत प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी आवंटियों एवं बकायेदारों से अपील की कि वे समय रहते योजना का लाभ उठाकर अपनी देनदारियों का निस्तारण करें तथा अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचें।

बैठक में  उपस्थित अधिकारी

बैठक में  संपत्ति अधिकारी रमेश चंद दुबे, सभी जोन के जोनल अधिकारी, अवर अभियंता (जेई) तथा संपत्ति विभाग से संबंधित लिपिक उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 9 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!