वाराणसी।(VDA)VARANASI की स्थापना 19 अगस्त 1974 को वाराणसी के सुनियोजित एवं समग्र विकास के उद्देश्य से की गई थी। प्रारंभिक रूप से इसका अधिकार क्षेत्र लगभग 793 वर्ग किलोमीटर था, जिसमें महापालिका क्षेत्र सहित 635 गांव शामिल थे। वर्ष 2024 में नगर क्षेत्र के विस्तार को स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात 215 नए राजस्व ग्रामों को भी वीडीए के विकास क्षेत्र में सम्मिलित किया गया, जिसके फलस्वरूप वर्तमान में इसका कुल विकास क्षेत्र बढ़कर 1073 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
पवित्र गंगा नदी के दोनों किनारो पर है (VDA) का विस्तृत कार्य क्षेत्र
बताते चलें कि VDA का कार्यक्षेत्र पवित्र गंगा नदी के दोनों किनारों पर विस्तृत है, जो इसे भौगोलिक एवं प्रशासनिक रूप से दो भागों में विभाजित करता है। प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र का सतत, संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत सड़क निर्माण, सीवर लाइन, जल निकासी व्यवस्था, आवासीय योजनाएं, टाउनशिप विकास तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं का विकास एवं संचालन किया जाता है।
अवाप्ति एवं परियोजना विकास की कार्यवाही गतिमान
वित्तीय वर्ष 2025–26 में प्राधिकरण के स्वीकृत पुनरीक्षित बजट में लगभग ₹378 करोड़ की आय तथा ₹467.50 करोड़ के व्यय का प्रावधान किया गया था। वर्तमान में Varanasi Development Authority द्वारा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत चार बड़ी आवासीय परियोजनाओं हेतु भूमि अवाप्ति एवं परियोजना विकास की कार्यवाही गतिमान है।
पूर्व की तुलना में बढ़ाया गया बजट
वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्राधिकरण बोर्ड द्वारा परिचालन से ₹2,070.61 करोड़ की आय का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 448 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार ₹2,069.07 करोड़ के व्यय का प्रावधान किया गया है, जो विगत वर्ष की तुलना में लगभग 343 प्रतिशत अधिक है। कुल मिलाकर ₹2,866.20 करोड़ का महत्वाकांक्षी बजट प्रस्तावित एवं पारित किया गया है।
नई टाउनशिप, सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास पर विशेष जोर
इस बजट में शहर के नियोजित विस्तार, नई टाउनशिप, सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास पर विशेष बल दिया गया है। प्रस्तावित बजट में सबसे बड़ा राजस्व स्रोत भूमि विक्रय एवं भूमि प्रतिकर है, जिससे लगभग ₹1,206.31 करोड़ की प्राप्ति का अनुमान है। इसके अतिरिक्त, पूंजीगत मदों एवं विभिन्न विस्तार योजनाओं के अंतर्गत लगभग ₹575 करोड़ का प्रावधान किया गया है। व्यय पक्ष में विकास कार्यों, भूमि अधिग्रहण, आधारभूत संरचना निर्माण तथा अन्य प्रशासनिक एवं परियोजना व्ययों के लिए लगभग ₹2,069.07 करोड़ निर्धारित किए गए हैं।
विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
इसके साथ ही, चालू वित्तीय वर्ष में वीडीए द्वारा मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर टाउनशिप योजनाओं के अंतर्गत लगभग ₹1,700 करोड़ की प्रतिकर राशि वितरित किए जाने की संभावना है। यह भुगतान इन प्रमुख आवासीय एवं समेकित विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति और अधिक स्थिर एवं सक्षम
तेज गति से हो रहे मानचित्र स्वीकृति कार्यों तथा नई टाउनशिप परियोजनाओं के माध्यम से भूमि मूल्य के बेहतर मौद्रीकरण के कारण वास्तविक आय प्रस्तावित आंकड़ों से अधिक रहने की प्रबल संभावना है। इससे प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति और अधिक स्थिर एवं सक्षम होगी तथा विकास कार्यों को अतिरिक्त गति प्राप्त होगी।
वाराणसी में तेजी से हो रहा शहरी विकास
यह बजट वाराणसी के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, नई आवासीय टाउनशिप, संस्थागत विकास तथा जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। वीडीए द्वारा प्रस्तावित यह बजट आने वाले समय में शहर के नियोजित विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। वाराणसी विकास प्राधिकरण शहर के समग्र विकास का प्रमुख स्तंभ है और इसकी योजनाबद्ध गतिविधियां वाराणसी को एक सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं समृद्ध शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
Comments (0)