वाराणसी।VDA के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा द्वारा विकास कार्यों की प्रगति के क्रम में कल्लीपुर ग्रामसभा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित टाउनशिप क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण करते हुए भूमि की वर्तमान स्थिति, सीमांकन एवं विकास की संभावनाओं का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष श्री बोरा ने किसानों एवं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए भूमि क्रय एवं लैंड पुलिंग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण द्वारा भूमि क्रय की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, आपसी सहमति एवं किसान हितों को प्राथमिकता में रखकर संपन्न की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भूमि का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार न्यायसंगत तरीके से किया जाएगा, जिससे किसानों को उचित मुआवजा मिल सके तथा वे विकास कार्यों में भागीदार बन सकें। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए योजनाओं को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
उपाध्यक्ष ने यह भी आश्वस्त किया कि प्राधिकरण जनसहभागिता के माध्यम से विकास कार्यों को गति देगा और किसी भी स्तर पर किसानों के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव श्री गुडाकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री अजय पवार, श्री प्रभाकर पांडे सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)