khabarilaal news desk :-

चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर छोटा गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोगों ने विवाद के दौरान गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया।

चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गोसाईंपुर छोटा निवासी शशिकांत मिश्र पुत्र राम सागर मिश्र का गांव के ही कुछ लोगों से रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि 22 जून की देर रात इसी विवाद को लेकर पड़ोसी पक्ष के लोग उनके घर के पास पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। जब शशिकांत मिश्र ने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया।

विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर की मारपीट

आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उन पर टूट पड़े और मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

आसपास के ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपित मौके से हो गए फरार

आसपास के ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने चोलापुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद शनिवार को मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 तथा 351(3) के तहत केस पंजीकृत किया गया है।पुलिस ने इस मामले में गांव के ही हर्ष मिश्र उर्फ छोटू पुत्र वीरेन्द्र मिश्र, वीरेन्द्र मिश्र पुत्र शोभनाथ मिश्र, राम प्रकाश मिश्र पुत्र महेन्द्र मिश्र तथा पियूष मिश्र पुत्र सुरेश मिश्र को नामजद आरोपित बनाया है।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार को

थाना प्रभारी सधुबन राम ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 6 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!