वाराणसी।देश में फैल रही किसी भी अफवाहों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने इन सभी खबरों को पूरी तरह से भ्रामक और अफवाह बताया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह संसद के बाहर साफ शब्दों में कहा कि देश में लॉकडाउन लगाए जाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रधानमंत्री खुद कर रहे पर पल की मोनीटरिंग 

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है ताकि देश में स्थिति सामान्य बनी रहे। प्रधानमंत्री ने भी लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा था कि आने वाला समय देश के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन भारत पहले भी कठिन परिस्थितियों से मजबूती के साथ बाहर निकला है। उन्होंने कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि देश ने एकजुट होकर उस संकट का सामना किया और सफलता हासिल की।

किसी भी मुश्किल से निपटने के लिए राज्यों का सहयोग बेहद जरूरी

प्रधानमंत्री ने राज्यों के सहयोग को बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि अगर हमें किसी भी चुनौती से पार पाना है, तो ‘टीम इंडिया’ की भावना से काम करना होगा। यानी केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर एक साथ काम करना होगा। इसके अलावा उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में चल रहे युद्ध और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं का असर लंबे समय तक देखने को मिल सकता है।

कच्चा तेल, एलपीजी, गैस और खाद जैसी चीजों की सप्लाई पर सरकार का खास ध्यान

सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जरूरी संसाधनों की आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कच्चा तेल, एलपीजी, गैस और खाद जैसी चीजों की सप्लाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है ताकि देश में किसी भी तरह की कमी न हो और आर्थिक स्थिरता बनी रहे।उन्होंने साफ तौर पर कहा कि लॉकडाउन की खबरें सिर्फ अफवाह हैं। सरकार पूरी तरह सतर्क है और हालात नियंत्रण में हैं। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने सही जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

4 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!