Khabarilaal News Desk :

ब्रिटेन में भारतीय मूल की Varsha Gohil ने 23 साल लंबी कानूनी लड़ाई जीतकर इतिहास रच दिया है। ब्रिटिश अदालत ने उनके पूर्व पति Bhadresh Gohil को 6.6 मिलियन पाउंड (करीब 84.77 करोड़ रुपये) का सेटलमेंट देने का आदेश दिया है। यह मामला ब्रिटेन के सबसे लंबे समय तक चले तलाक विवादों में गिना जा रहा है।

2002 में शुरू हुई थी कानूनी जंग

इस विवाद की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी, जब वर्षा गोहिल ने अपने पति भद्रेश गोहिल से तलाक के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने पति पर बेवफाई और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए थे।

तलाक के दौरान वर्षा ने 2.7 लाख पाउंड और परिवार की कार के साथ समझौता स्वीकार कर लिया था, लेकिन बाद में उन्हें संदेह हुआ कि उनके पति ने अपनी वास्तविक संपत्ति की जानकारी अदालत से छिपाई है।

संपत्ति छिपाने का आरोप बना टर्निंग पॉइंट

ब्रिटेन के कानून के अनुसार तलाक के समय दोनों पक्षों को अपनी आय और संपत्तियों का पूरा ब्योरा देना होता है। वर्षा को लगा कि भद्रेश ने यह नियम नहीं माना, जिसके बाद उन्होंने 2007 में पुराने समझौते को चुनौती देते हुए दोबारा अदालत का रुख किया।

मामले में बड़ा मोड़ 2011 में आया, जब भद्रेश गोहिल को मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराया गया। नाइजीरिया से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में उन्हें 10 साल की जेल की सजा मिली।

28 मिलियन पाउंड की संपत्ति पर छिड़ी जंग

जांच एजेंसियों ने दुनिया भर में फैली लगभग 28 मिलियन पाउंड की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया। इसके बाद विवाद इस बात पर केंद्रित हो गया कि क्या ये संपत्तियां वैवाहिक संपत्ति का हिस्सा मानी जाएंगी या नहीं।

मामला आखिरकार ब्रिटेन की सर्वोच्च अदालत तक पहुंचा, जहां वर्षा गोहिल को अपने वित्तीय दावों पर दोबारा सुनवाई का अधिकार मिला।

कोर्ट ने माना वर्षा का दावा सही

हालिया सुनवाई में भद्रेश गोहिल ने दावा किया कि फ्रीज की गई संपत्तियां उनकी नहीं हैं, इसलिए उन्हें तलाक समझौते में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।

वहीं वर्षा गोहिल ने अदालत को बताया कि यह संपत्ति शादी के दौरान अर्जित की गई थी और वैवाहिक संपत्ति का हिस्सा है।

अदालत ने पाया कि फ्रीज की गई पूरी राशि को आपराधिक आय नहीं माना जा सकता। कुछ संपत्तियां वैध कारोबारी गतिविधियों से अर्जित हुई थीं, इसलिए उनका हिस्सा वर्षा को मिलना चाहिए।

85 करोड़ रुपये के साथ खत्म हुआ लंबा विवाद

अदालत ने 61 वर्षीय वर्षा गोहिल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें 6.6 मिलियन पाउंड (करीब 85 करोड़ रुपये) देने का आदेश दिया। फैसले में पूर्व पति के व्यवहार पर भी कड़ी टिप्पणी की गई और उन्हें बेईमान करार दिया गया।

इस निर्णय के साथ ब्रिटेन के सबसे चर्चित और लंबे समय तक चले तलाक मामलों में से एक का अंत हो गया।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

 
 
Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

5 + 8 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!