Khabarilaal News Desk :
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की थी, हालांकि उसने अब तक सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार नहीं किया है।
अमेरिकी अखबार The Wall Street Journal की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यूएई ने अप्रैल में ईरान के लावान द्वीप पर स्थित तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया था।

लावान द्वीप की रिफाइनरी पर गुप्त हमला
रिपोर्ट के अनुसार, 8 अप्रैल को UAE ने ईरान के लावान द्वीप स्थित तेल रिफाइनरी पर गुप्त हमला किया, जिससे वहां भारी नुकसान हुआ।
हालांकि उस समय ईरान ने सिर्फ इतना कहा था कि “किसी अज्ञात दुश्मन” ने हमला किया है, लेकिन अब रिपोर्ट में UAE का नाम सामने आने से नया विवाद खड़ा हो गया है।
अमेरिका-इजरायल गठबंधन के साथ UAE?
अगर यह दावा सही साबित होता है तो UAE, अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान विरोधी सैन्य गठबंधन में सक्रिय रूप से शामिल होने वाला एकमात्र खाड़ी देश बन जाएगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका ने युद्ध में UAE की भूमिका का स्वागत किया था, क्योंकि अन्य खाड़ी देशों ने खुलकर शामिल होने से इनकार कर दिया था।
ईरान ने किया था जवाबी हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, रिफाइनरी पर हमले के बाद ईरान ने UAE और कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे।
UAE के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद से ईरान ने उसकी जमीन पर 550 बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें और 2200 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं।
यूएई पर पहले भी लगते रहे आरोप
ईरान पहले भी आरोप लगाता रहा है कि उसकी जमीन के खिलाफ हमलों में UAE की धरती का इस्तेमाल किया जा रहा है। तेहरान कई बार UAE को इजरायल का “प्रॉक्सी” भी बता चुका है।
हालांकि इस नए खुलासे पर UAE विदेश मंत्रालय और Pentagon ने फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
Comments (0)