Khabarilaal News Desk :

होर्मुज जलडमरूमध्य में हालिया तनाव के बाद अमेरिका और ईरान के बीच टकराव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान ने अमेरिका को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिकी सेना ने फारस की खाड़ी में दोबारा प्रवेश करने की कोशिश की, तो उसे “तबाह” कर दिया जाएगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पलटवार करते हुए ईरान को जल्द समझौता करने की चेतावनी दी है।

ईरान की अमेरिका को खुली धमकी

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम न्यूज के अनुसार, एक ईरानी सैन्य सूत्र ने अमेरिकी कार्रवाई को युद्धविराम का उल्लंघन और आतंकवाद करार दिया।

ईरानी सैन्य सूत्र ने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में कोई झड़प नहीं हो रही है, लेकिन अगर अमेरिका ने फारस की खाड़ी में दोबारा घुसने की कोशिश की तो उसे “निर्णायक जवाब” मिलेगा।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने भी दी चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान पर हमला “लव टैप” नहीं, बल्कि गंभीर आक्रामक कार्रवाई है।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान पर हमले को “Love Tap” कहा था, जिस पर तेहरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

ईरानी सैन्य ठिकानों पर अमेरिका का हमला

अमेरिका ने गुरुवार को ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इन हमलों में उन ठिकानों को निशाना बनाया गया जो अमेरिकी युद्धपोतों पर हमलों के लिए जिम्मेदार थे।

इनमें मिसाइल और ड्रोन लॉन्चिंग साइट्स, कमांड सेंटर और कंट्रोल सुविधाएं शामिल थीं। हालांकि ईरान ने दावा किया कि अमेरिका ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाया।

ट्रंप ने दी ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस’ की धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को जल्द डील पर हस्ताक्षर करने की सलाह देते हुए कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका “दूसरा रास्ता” अपनाएगा।

ट्रंप ने कहा, “अगर चीजें ठीक से नहीं हुईं, तो हम प्रोजेक्ट फ्रीडम पर वापस जा सकते हैं, लेकिन यह प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस होगा।”

दुनिया की नजर होर्मुज पर

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में यहां बढ़ता तनाव पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन गया है।

 

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

9 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!