Khabarilaal News Desk :
इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने पाकिस्तान पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि वह सोशल मीडिया पर फर्जी अभियान चलाकर अमेरिका और इजरायल के रिश्तों को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। नेतन्याहू ने इसे इजरायल के खिलाफ “डिजिटल युद्ध” बताया है।
पाकिस्तान पर नेतन्याहू का बड़ा आरोप
CBS के चर्चित कार्यक्रम ‘60 Minutes’ में इंटरव्यू के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि पाकिस्तान बॉट फार्म और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए इजरायल विरोधी माहौल बना रहा है।
उनके मुताबिक, इन अभियानों का मकसद अमेरिका में इजरायल के लिए लोगों की सहानुभूति कम करना है।

‘डिजिटल वॉर’ से बिगाड़ना चाहता है रिश्ते
नेतन्याहू ने कहा कि हाल के महीनों में सोशल मीडिया पर कई ऐसे संदेश वायरल हुए, जिनकी जांच में पता चला कि उनकी शुरुआत पाकिस्तान से हुई थी।
उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित डिजिटल अभियान है, जिससे अमेरिका-इजरायल संबंधों में दरार डालने की कोशिश हो रही है।
भारत की जमकर तारीफ
इंटरव्यू के दौरान नेतन्याहू ने भारत की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत में इजरायल बेहद लोकप्रिय है और वहां इजरायलियों को काफी सम्मान मिलता है।
उन्होंने कहा, “जब मैं अपनी पत्नी के साथ भारत गया था, वह मेरे लिए प्यार और सम्मान का उत्सव जैसा अनुभव था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी हमने इजरायल में खुले दिल से स्वागत किया था।”
भारत-इजरायल रिश्तों को बताया खास
नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजरायल के रिश्ते सिर्फ कूटनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से भी मजबूत हैं। दोनों देशों के बीच विश्वास और सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
ईरान पर भी बड़ा दावा
इजरायली प्रधानमंत्री ने दावा किया कि अगर अमेरिका और इजरायल ने समय रहते कार्रवाई नहीं की होती, तो ईरान कुछ ही महीनों में परमाणु बम बना सकता था।
उन्होंने कहा कि ईरान की मौजूदा सरकार इस समय अपने सबसे कमजोर दौर से गुजर रही है और वहां आंतरिक मतभेद बढ़ रहे हैं।
Comments (0)