Khabarilaal News Desk :
भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चर्चा में रहे पाकिस्तानी वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद इन दिनों बांग्लादेश दौरे पर हैं। उनकी यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सैन्य सहयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे भारत की सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
ढाका में पांच सदस्यीय पाकिस्तानी टीम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान एयरफोर्स के एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद 10 मई से पांच सदस्यीय टीम के साथ ढाका में मौजूद हैं। उनके साथ एयर कमोडोर, ग्रुप कैप्टन और विंग कमांडर स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच पहली बार “एयर स्टाफ टॉक” आयोजित हो रही है, जिसमें रक्षा सहयोग बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा हो रही है।
कौन हैं औरंगजेब अहमद?
एयर वाइस मार्शल औरंगजेब अहमद पाकिस्तान एयरफोर्स में बेहद प्रभावशाली अधिकारी माने जाते हैं। वे एयरफोर्स के डिप्टी चीफ (ऑपरेशंस) और स्ट्रैटेजिक कमांड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पिछले साल भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वे पाकिस्तान वायुसेना का चेहरा बने थे, जिसके बाद उन्हें “पोस्टर बॉय” कहा जाने लगा।
भारतीय सीमा के पास बढ़ सकती है गतिविधियां
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के लालमोनिरहाट और बोगुरा एयरबेस का भी दौरा कर सकती है। ये दोनों सैन्य ठिकाने भारत-बांग्लादेश सीमा के बेहद करीब हैं।
लालमोनिरहाट एयरबेस भारत की सीमा से करीब 20 किलोमीटर दूर है, जहां नया हैंगर तैयार किया गया है। वहीं बोगुरा एयरबेस का रनवे विस्तार भी तेजी से चल रहा है।
JF-17 फाइटर जेट डील पर भी नजर
इस साल जनवरी में रिपोर्ट आई थी कि बांग्लादेश पाकिस्तान से JF-17 लड़ाकू विमान खरीदने पर विचार कर रहा है। ऐसे में औरंगजेब अहमद की यह यात्रा इस डील से भी जोड़कर देखी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह सौदा होता है तो दक्षिण एशिया की सुरक्षा रणनीति पर बड़ा असर पड़ सकता है।
भारत रख रहा पैनी नजर
भारत की रक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश की बढ़ती सैन्य नजदीकी आने वाले समय में क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरण बदल सकती है।
Comments (0)