Khabarilaal News Desk :
अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में संदिग्ध युवक मारा गया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, युवक ने सुरक्षा चेकपॉइंट के पास हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मारी गई। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
बैग से हथियार निकालकर शुरू की फायरिंग
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम करीब 6 बजे व्हाइट हाउस के पास 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में हुई। आरोपी ने कथित तौर पर बैग से हथियार निकालकर गोलीबारी शुरू कर दी।
सीक्रेट सर्विस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल बताया गया है।
घटना के वक्त व्हाइट हाउस में मौजूद थे ट्रंप
अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित रहे। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी सुरक्षा कर्मी को नुकसान नहीं पहुंचा।
कौन था नासीर बेस्ट?
मारे गए युवक की पहचान 21 वर्षीय नासीर बेस्ट के रूप में हुई है, जो मैरीलैंड का रहने वाला बताया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पहले भी व्हाइट हाउस के आसपास संदिग्ध गतिविधियों के कारण सुरक्षा एजेंसियों की नजर में रह चुका था।
बताया गया है कि उसे पहले प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने और सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। एक घटना के दौरान उसने कथित तौर पर खुद को “ईसा मसीह” बताया था और गिरफ्तारी की इच्छा जताई थी।
जांच जारी, एजेंसियां जुटीं
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी आधिकारिक तौर पर साझा की जाएगी।
Comments (0)