khabarilaal news desk :-

वाराणसी | चोलापुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में क्रिकेट खेलने के पुराने विवाद को लेकर एक अनुसूचित जाति के युवक के साथ कथित मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है।

पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू

पीड़ित की तहरीर पर चोलापुर पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सूरज कुमार गौतम पुत्र राम आसरे राम, निवासी सरैया, थाना चोलापुर ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखते हैं। आरोप है कि 9 जुलाई की रात करीब आठ बजे गांव में एक निमंत्रण से भोजन कर घर लौट रहे थे।

जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से किया अपमानित

इस दौरान रास्ते में पहले से मौजूद निखिल यादव, विकास उर्फ विक्की, आयुष कुमार, रितेश और शुभम ने क्रिकेट खेलने के पुराने विवाद और रंजिश को लेकर उन्हें रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उन्हें जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। विरोध करने पर सभी ने लाठी, लात और घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर आर्यमान उर्फ भोले और विजय सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 

घटना के बाद पीड़ित ने चोलापुर थाने पहुंचकर दी तहरीर

घटना के बाद पीड़ित ने चोलापुर थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं 3(1)(द), 3(1)(घ) और 3(2)(v) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मेडिकल परीक्षण, गवाहों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी सुनिश्चित 

प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुबन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल परीक्षण, गवाहों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!