khabarilaal news desk:-
वाराणसी |चोलापुर ,थाना क्षेत्र के गोसाईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सभा गोसाईपुर (छोटा) में चकरोड के रास्ते को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रास्ते के विवाद को लेकर हुए हिंसक हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चोलापुर पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव में चकरोड के रास्ते को लेकर पक्षों में पुराना था गतिरोध
जानकारी के अनुसार, गोसाईपुर (छोटा) गांव में चकरोड के रास्ते को लेकर पक्षों में पुराना गतिरोध था। बीते दिनों इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि विपक्षीगणों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस मारपीट में हर्ष मिश्र (पुत्र वीरेंद्र प्रताप मिश्र) को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने पहुंचकर नामजद दी तहरीर
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चोलापुर पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और आरोपी ग्रामीणों के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इस संबंध में गोसाईपुर चौकी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
Comments (0)